50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची चोरों तक, दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने
लालकुआं। नैनीताल जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने आजाद नगर वार्ड नंबर चार में हुई नकबजनी की घटना का महज 19 दिनों के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं निवासी मोहनी देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया था कि 17 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 167/26 धारा 305(A) बीएनएस के तहत दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों, संभावित ठिकानों और सीमावर्ती जनपदों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसी आधार पर 5 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने डर्बी जंगल, लालकुआं में दबिश देकर चोरी की घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के दौरान आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32 वर्ष) और विकास मंडल (28 वर्ष), दोनों पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं।
चोरी के जेवरात बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के मंगलसूत्र, दो पीली धातु के कान के कुंडल तथा पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 69 हजार रुपये बताई गई है।
दोनों भाइयों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल मंडल उर्फ चीमा के खिलाफ नैनीताल जनपद के अलावा राज्य के अन्य जनपदों में आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत पहले से कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी विकास मंडल के खिलाफ जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पूर्व में पंजीकृत हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण और पुलिस की लगातार मेहनत से 19 दिनों में घटना का खुलासा संभव हो सका।

