चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, हल्द्वानी नगर आयुक्त समेत कई अधिकारियों का हो सकता है तबादला

हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों की तैयारी शुरू हो गई है।

गृह जनपद में तैनात अधिकारियों के साथ ही एक ही जिले में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद विभिन्न विभागों ने ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुमाऊं मंडल से 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी इस प्रशासनिक फेरबदल की जद में आ सकते हैं। माना जा रहा है कि नवंबर में तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत हल्द्वानी नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नैनीताल जिले के एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा और लालकुआं की एसडीएम रेखा कोहली का स्थानांतरण होना तय माना जा रहा है। हालांकि, इनके तबादलों को लेकर अभी आधिकारिक आदेश जारी होने का इंतजार है।

परिवहन विभाग में भी बड़े स्तर पर फेरबदल की संभावना है। कुमाऊं संभाग से एक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) का तबादला हो सकता है। इसके अलावा करीब 29 परिवहन कर अधिकारी और परिवहन उप निरीक्षक ऐसे हैं, जो लंबे समय से एक ही जिले में तैनात हैं।

15 साल से चंपावत में तैनात परिवहन उप निरीक्षक भी होंगे प्रभावित

तबादला प्रक्रिया में चंपावत जिले में लंबे समय से तैनात परिवहन उप निरीक्षकों पर भी कार्रवाई हो सकती है। जानकारी के अनुसार, एक परिवहन उप निरीक्षक करीब 15 वर्षों से चंपावत जिले में ही तैनात हैं और इस दौरान उनका जिले से बाहर स्थानांतरण नहीं हुआ है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे कर्मियों को भी हटाया जाएगा, जिनकी एक ही जिले में तैनाती तीन वर्ष से अधिक हो चुकी है।

इसके अलावा करीब 25 कोतवालों के भी जिले बदले जा सकते हैं। इनमें ऊधमसिंह नगर जिले के 10 और नैनीताल जिले के चार कोतवाल शामिल बताए जा रहे हैं। चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती में बदलाव को कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष निर्वाचन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के भी होंगे तबादले

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आबकारी विभाग में भी फेरबदल की तैयारी है। विभाग के 13 आबकारी निरीक्षकों के साथ ही अल्मोड़ा के जिला आबकारी अधिकारी का भी स्थानांतरण होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल विभिन्न विभागों में जिला स्तर पर तबादले के लिए पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद इसे आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में नवंबर में तबादलों की कार्रवाई शुरू हो सकती है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में हाईकोर्ट शिफ्टिंग को बड़ा झटका, बेलबाबा में 30 हेक्टेयर वन भूमि का प्रस्ताव खारिज

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.