बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत छह लोगों की मौत; सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
जोशीमठ। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा एक हेलीकॉप्टर शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पांच यात्रियों और पायलट की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनास्थल से सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। दुर्गम क्षेत्र में हुए हादसे के बाद शवों को सड़क मार्ग से जुड़े सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए अभियान जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, निजी विमानन कंपनी ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शनिवार दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब दो मिनट बाद, दोपहर 1:14 बजे जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के अनुसार, हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था, तभी उसका संपर्क टूट गया। इसी दौरान ट्रैकिंग सिस्टम भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन ट्रैक नहीं कर पा रहा था।
घाटी की ओर गिरता दिखाई दिया हेलीकॉप्टर
हादसे के संबंध में स्थानीय कर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी कि हेलीकॉप्टर काफी ऊंचाई पर उड़ते हुए नीचे घाटी की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद दुर्घटना की आशंका जताई गई और तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन, उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दुर्घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर टीमों ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए।
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में कोई महिला या बच्चा सवार नहीं था। हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।
कंपनी के पूरे बेड़े को किया गया ग्राउंडेड
हेलीकॉप्टर हादसे के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और हादसे की विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान जारी है और सभी शवों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।

