ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को लेकर लोगों के बीच फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से सोमवार को एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान पूरी तरह मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाना है।

विवेक राय ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 2.35 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर किसी भी मतदाता को घबराने या भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। यह नोटिस केवल संबंधित मतदाता को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नाम का सत्यापन कराने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित समय के भीतर निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैध दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें। समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराने से उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज रहेगा और भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य जिले की निर्वाचक नामावली को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सही बनाना है।

इसके लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें तथा सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

यह भी पढ़ें :  कैंचीधाम के पास शिप्रा नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत,मस्ती के दौरान नदी में उतरा था युवक, गहरे पानी में डूबने से गई जान; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
error: Content is protected !!