हल्द्वानी एसटीएच में मिला कोरोना का नया मरीज, संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू
हल्द्वानी। उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मरीज को अस्पताल में आइसोलेट कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता नहीं है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के कैमरी, बिलासपुर निवासी 76 वर्षीय जमीला उपचार के लिए एसटीएच में भर्ती थीं। चिकित्सकीय जांच के दौरान उनके थ्रोट स्वैब का सैंपल कोविड-19 जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट में SARS-CoV-2 संक्रमण की पुष्टि हुई।
कोविड संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मरीज को एहतियातन अस्पताल के वार्ड-सी स्थित पृथक क्यूबिकल में आइसोलेट कर दिया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की स्थिति सामान्य है और फिलहाल किसी गंभीर लक्षण की सूचना नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा अधीक्षक ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) रामपुर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य, सीएमओ नैनीताल और संबंधित कंट्रोल रूम को भी मामले की सूचना भेज दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू करने, स्वास्थ्य निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर कोविड जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।


