ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

स्यालीखेत में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बीमा योजनाओं और साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी

स्यालीखेत ज्योलीकोट। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शाखा बेलुआखान की ओर से स्यालीखेत में विशेष वित्तीय समावेशन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा, पेंशन तथा डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक दिव्या सैनी ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न ऋण, जमा एवं बीमा योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरकार की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) सहित अन्य योजनाओं की उपयोगिता समझाई।

शाखा प्रबंधक ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि जो लोग इन योजनाओं के लिए पात्र हैं, वे जल्द से जल्द इनसे जुड़ें और अपने परिवार को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करें। साथ ही उन्होंने जनधन खातों और री-केवाईसी की उपयोगिता बताते हुए बैंक खातों को अद्यतन रखने की अपील की।

कार्यक्रम में बैंक के वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते चलन और इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया।

उन्होंने विशेष रूप से साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की अपील करते हुए कहा कि साइबर ठग लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध लेनदेन के लिए कर रहे हैं। ऐसे खातों को कई बार ‘म्यूल मनी’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने चेताया कि किसी दूसरे व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग या अन्य वित्तीय माध्यमों का इस्तेमाल करवाना बेहद जोखिम भरा और गैरकानूनी हो सकता है।

बी.डी. नैनवाल ने ग्रामीणों से कहा कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, सीवीवी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा मोबाइल पर प्राप्त किसी भी संवेदनशील जानकारी को किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने संदिग्ध फोन कॉल, लिंक और संदेशों से भी सावधान रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बैंकिंग योजनाओं और डिजिटल लेनदेन से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका बैंक अधिकारियों ने समाधान किया। बैंक प्रतिनिधियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बैंक सखी दीपा साह, चंद्रा देवी, कमलेश कोटलिया, हेमा जीना, कला देवी, प्रेरणा आर्या, मीनाक्षी शर्मा, इंदु आर्या सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बैंक ग्राहक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से बैंक की ओर से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ उनका सुरक्षित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना भी उतना ही आवश्यक है।

यह भी पढ़ें :  ओखलकांडा के ग्राम प्रधानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, नेटवर्क, ऑनलाइन हाजिरी और ग्राम पंचायतों के अधिकार बढ़ाने समेत उठाईं कई मांगें

You missed

error: Content is protected !!