ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर में बेहोश मिले दंपति,  स्टेशन पर मचा हड़कंप; जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका

हल्द्वानी। रेलवे में सफर के दौरान यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसा ही एक मामला लालकुआं रेलवे स्टेशन पर सामने आया, जहां मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में एक दंपति बेहोशी की हालत में मिला। दोनों के पास मोबाइल, नकदी और यहां तक कि यात्रा का टिकट भी नहीं मिला। प्रथम दृष्टया उनके जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे जीआरपी चौकी लालकुआं को सूचना मिली कि मुरादाबाद से लालकुआं पहुंची मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में एक महिला और पुरुष बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिसकर्मियों ने दोनों को ट्रेन से नीचे उतारा और उनसे बातचीत कर उनकी पहचान तथा घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन दोनों की हालत ऐसी थी कि वे ठीक से जवाब नहीं दे पा रहे थे। पुलिस ने उनके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की।

काफी प्रयास के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों मुरादाबाद से ट्रेन में सवार हुए थे और नेपाल जाने वाले थे। बताया गया कि दोनों नेपाली मूल के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दंपति ने संकेतों और अधूरी जानकारी के जरिए बताया कि मुरादाबाद में किसी व्यक्ति ने उन्हें चाय पिलाई थी। इसके बाद से ही उन्हें होश नहीं रहा।

जब पुलिस ने उनके सामान की जांच की तो मोबाइल फोन, नकदी और टिकट सहित अन्य सामान गायब मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर उन्हें बेहोश किया और उनका सामान लेकर फरार हो गया।

जीआरपी पुलिस ने तत्काल दोनों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेज दिया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। फिलहाल दोनों की हालत और उनके साथ हुई घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीज न लें: जीआरपी

थानाध्यक्ष काठगोदाम संजय शर्मा ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने बताया कि जीआरपी के जवान कुमाऊं मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगातार गश्त करते हैं। पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी निगरानी रखते हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

उन्होंने यात्रियों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिया गया चाय, पानी, खाना अथवा अन्य कोई खाद्य-पेय पदार्थ स्वीकार न करें। यदि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल जीआरपी पुलिस को दें।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और आसपास मौजूद लोगों को लेकर सतर्क रहें। विशेषकर अकेले या परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को अनजान लोगों से मेलजोल और खान-पान को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 06 अगस्त, 2026
error: Content is protected !!