ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी/लालकुआं। पति से विवाद के बाद सात माह की मासूम बेटी को लेकर मायके जाने के लिए निकली विवाहिता के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि पति के दोस्त ने विवाहिता को समझौता कराने और घर वापस पहुंचाने का भरोसा देकर लालकुआं रेलवे स्टेशन से अपने साथ लिया और रास्ते में टांडा के जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जवाहर नगर, गौला नदी के पास हल्द्वानी निवासी दंपति के बीच गत दिवस किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद विवाहिता नाराज होकर अपनी सात माह की बेटी को साथ लेकर हल्द्वानी से लालकुआं पहुंच गई और रेलवे स्टेशन पर बैठ गई।
बताया गया कि रात में पति ने फोन कर पत्नी से उसके ठिकाने के बारे में पूछा। पत्नी ने उसे बताया कि वह लालकुआं रेलवे स्टेशन पर है। आरोप है कि इस दौरान पति ने शराब का सेवन कर लिया। इसी बीच पति के दोस्त धर्मेंद्र, निवासी राजपुरा, को विवाहिता के लालकुआं में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से उसे लेने लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचा।
पीड़िता का आरोप है कि धर्मेंद्र ने उसे समझाया कि वह उसे घर ले जाकर पति-पत्नी के बीच सुलह करा देगा। उसके भरोसे में आकर विवाहिता अपनी मासूम बेटी के साथ उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई। आरोप है कि हल्द्वानी की ओर जाते समय आरोपी उसे आईओसी डिपो के सामने स्थित सड़क से टांडा के जंगल की ओर ले गया।
तहरीर के मुताबिक, जंगल में आरोपी ने विवाहिता की सात माह की बच्ची को एक तरफ रखने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद रात में वह पीड़िता को हल्द्वानी स्थित गौला पुल के पास छोड़कर चला गया। घटना के बाद पीड़िता ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को साथ लेकर कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौका-मुआयना किया। पुलिस अब लालकुआं रेलवे स्टेशन से लेकर टांडा जंगल और हल्द्वानी तक के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बलात्कार संबंधी मामले में कुछ लोग हल्द्वानी से तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे हैं। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें :  नव नियुक्त कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे का डीएसबी परिसर में भव्य स्वागत, देवदार का पौधा भेंट कर किया सम्मानित
error: Content is protected !!