छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण व पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ, 2.65 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया शिलान्यास, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का शनिवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत शुभारंभ किया। मंदिर के विकास और आधारभूत सुविधाओं के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कुल 2 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 1 करोड़ रुपये की धनराशि जारी हो चुकी है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने छोटा कैलाश मंदिर को पर्यटन एवं धार्मिक दृष्टि से विकसित करने की मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखी थी। मंत्री की पहल के बाद सरकार ने इस धार्मिक स्थल को मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। परियोजना के तहत मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आवागमन के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे को भी बेहतर किया जाएगा।
परियोजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को कार्यदायी संस्था के रूप में दी गई है। योजना के तहत मंदिर में पारंपरिक शैली का भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए रास्तों में रेलिंग लगाई जाएंगी तथा क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला का भी पुनर्निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।
महाशिवरात्रि पर उमड़ते हैं हजारों श्रद्धालु
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पिनरौ स्थित छोटा कैलाश मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। विशेष रूप से महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बताया गया कि महाशिवरात्रि के दौरान यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। ऐसे में मंदिर तक पहुंचने वाले पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। छोटा कैलाश को पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि घोड़ाखाल स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र में भी सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है, जिससे भीमताल क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को एक बेहतर स्वरूप दिया जा सके।
ढोल-नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने किया मंत्री कैड़ा का स्वागत
छोटा कैलाश मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने और विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया तथा विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मंदिर के सौंदर्यीकरण और पैदल मार्ग सहित अन्य सुविधाओं के विकसित होने से छोटा कैलाश आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। छोटा कैलाश मंदिर का विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


