ताकुला में बड़ा हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, हाईकोर्ट आ रहे चार लोग घायल
रिपोर्ट: गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर ताकुला के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक ग्रे कलर की आई-10 कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायल पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कार संख्या UK-07-AM-7810 में चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग किसी केस के सिलसिले में उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल आ रहे थे। ताकुला के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में पलटते हुए जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ताकुला निवासी बसंत मेहरा ने अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में उतरकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान 28 वर्षीय नवीन चंद्र, 66 वर्षीय कैलाश चंद्र, 23 वर्षीय नितेश और 63 वर्षीय देवी दत्त के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस और कोतवाली के वाहन से तत्काल बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों की प्राथमिक जांच की। बताया जा रहा है कि घायलों को एक्स-रे समेत अन्य आवश्यक जांचों के लिए भेजा गया है। फिलहाल सभी का उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए तल्लीताल कोतवाली के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।



