ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग बैच 2026–2030 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स सेलिब्रेशन 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का कॉलेज परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें नर्सिंग शिक्षा के साथ सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और व्यावसायिक जिम्मेदारी के महत्व से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रार्थना नृत्य के साथ हुआ। इस अवसर पर भीमताल परिसर के निदेशक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में सहानुभूति, समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या ने विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन का भरपूर लाभ उठाने के साथ-साथ शिक्षा और व्यावसायिक विकास पर निरंतर ध्यान देने का संदेश दिया।

इसके बाद आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण भारतीय नृत्य, बॉलीवुड डांस, पहाड़ी नृत्य, हरियाणवी एकल नृत्य, पंजाबी गिद्धा और फ्यूजन डांस ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की विशेष इंटरनेशनल डांस प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें विभिन्न संस्कृतियों का सुंदर संगम देखने को मिला।

फ्रेशर्स के रैंप वॉक ने भी खूब तालियां बटोरीं। इसके साथ ही मनोरंजक खेल, गायन प्रस्तुतियां और फ्रेशर्स की विशेष प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बहुप्रतीक्षित फ्रेशर खिताबों की घोषणा की गई। चिराज ने मिस्टर फ्रेशर 2026 और सिमरनजीत कौर ने मिस फ्रेशर 2026 का खिताब अपने नाम किया। वहीं अलीम खान को मिस्टर बेस्ट अटायर और चेतना राठौर को मिस बेस्ट अटायर चुना गया। खिताबों की घोषणा होते ही परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन एवं पुरस्कार वितरण किया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित सामूहिक भोज में विद्यार्थियों, शिक्षकों और वरिष्ठ छात्रों ने साथ मिलकर कार्यक्रम की खुशियां साझा कीं।

फ्रेशर्स सेलिब्रेशन ने बीएससी नर्सिंग बैच 2026–2030 के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की एक यादगार शुरुआत की। यह आयोजन नए विद्यार्थियों के बीच नए रिश्तों, दोस्ती और आत्मविश्वास की नींव रखने के साथ उनके उज्ज्वल एवं सेवा-समर्पित नर्सिंग सफर की शुरुआत का भी प्रतीक बना।

यह भी पढ़ें :  खड़गे की हल्द्वानी रैली से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद
error: Content is protected !!