पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी,हादसे में बस में सवार 2 की मौत 20 लोग घायल
रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस में सवार सभी 20 लोग घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या UP-14 QT-9690 में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। सभी पर्यटक हरियाणा के फरीदाबाद निवासी बताए जा रहे हैं, जो मुक्तेश्वर भ्रमण के बाद वापस भवाली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मुक्तेश्वर के समीप सतबुंगा क्षेत्र में बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरी बस तक पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन रेस्क्यू टीमों ने ह्यूमन चेन बनाकर एक-एक घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी एवं भवाली अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है।
घटना के दौरान एक यात्री के बस के नीचे दबे होने की सूचना मिलने पर रेस्क्यू अभियान और तेज कर दिया गया। बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा। मौके पर पहुंचे भवाली के क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविकांत सेमवाल स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे और संबंधित अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते रहे।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन हादसे की जांच में जुट गए हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।



