ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कोटाबाग स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, वरिष्ठ नेता हेम आर्य तथा मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय मौजूद रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी।

बैठक के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और विभागीय अधिकारी अपने-अपने कार्यों की नियमित निगरानी करें।

बैठक में पंगोट-घुग्घू-सिंगड़ी मार्ग की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग की मरम्मत के लिए तैयार किए गए लगभग 2.74 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

वहीं, पीएमजीएसवाई मार्ग के क्षतिग्रस्त लगभग 500 से 700 मीटर हिस्से की मरम्मत के लिए संशोधित प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इसके साथ ही पर्याप्त बजट की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव को राज्य योजना में शामिल कराने की कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में बमेछड़ा मार्ग के लगभग 2.5 किलोमीटर छूटे हुए हिस्से का मामला भी सामने आया। संबंधित विभाग को नियमानुसार इस हिस्से को योजना में शामिल कर शेष निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बुधलाकोट क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। आरक्षित वन क्षेत्र में नई विद्युत लाइन बिछाने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए विद्युत विभाग और उरेडा को लगभग 4.5 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा आधारित विशेष परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुनखेत तोक में विद्युत लाइन का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होते ही जल्द शुरू कराने को कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने हरियाला मार्ग के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंधीय प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने को भी कहा गया।

इसी क्रम में बुधलाकोट-पंगोट मार्ग के निर्माण में वन क्षेत्र एवं पेड़ों को न्यूनतम नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से वैकल्पिक अलाइनमेंट का फ्रेश सर्वे कराने तथा उसके आधार पर संशोधित प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में विज्ञान वर्ग के कक्ष की स्वीकृति का प्रस्ताव भी रखा गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बैठक में विभागवार प्रगति से अवगत कराते हुए आश्वस्त किया कि स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, ध्वजारोहण के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

You missed

error: Content is protected !!