नैनीताल विधायक सरिता आर्या के साथ मात्र शक्तियों ने देश के जवानों के कलाइयों में बाधी राखी
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
झरक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नैनीताल में भाजपा महिला मोर्चा मंडल की ओर से देश की रक्षा में समर्पित भारतीय सेना के जवानों और उत्तराखंड पुलिस के जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व भावपूर्ण ढंग से मनाया गया।
नैनीताल विधायक सरिता आर्या के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन कैंट सभागार, भवाली रोड, तल्लीताल में किया गया। इस दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने वीर जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में सीओ कैंट तनु जाट की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए जवानों के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि भारतीय सेना के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात रहते हैं। देशवासियों की सुरक्षा के लिए जवान अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे वीर जवान देश का गौरव हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र स्नेह और विश्वास का पर्व है, इसलिए इस दिन देश की रक्षा में जुटे जवानों की कलाई भी राखी से सुनी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ भाजपा महिला मोर्चा की बहनों ने जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया और ईश्वर से उनकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य तथा लंबी आयु की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनके त्याग और समर्पण के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सेना के जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उन्हें मिठाई खिलाई और उनके सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। इस अवसर पर रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ राष्ट्ररक्षा, सैनिक सम्मान और देशसेवा के संकल्प से भी जुड़ा नजर आया।
इसके साथ ही तल्लीताल कोतवाली और मल्लीताल कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर भी महिला कार्यकर्ताओं ने रक्षा सूत्र बांधे। पुलिस जवानों द्वारा शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की रक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि भारतीय सेना के वीर जवान और पुलिस के कर्मी देश और समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेना के जवान सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, जबकि पुलिसकर्मी आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सेवा में जुटे रहते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राखी बांधना उनके कर्तव्य, सेवा और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भावपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाकर यह संदेश भी दिया कि देश की रक्षा में तैनात जवान स्वयं को अकेला न समझें। पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके त्याग एवं बलिदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखता है। रक्षासूत्र के इस भाव के साथ कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा और सैनिक सम्मान के संकल्प को भी मजबूती मिली।









