ब्रेकिंग न्यूज़

आभूषण की दुकान से 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी करने वाले दो युवक दबोचे, घटना में प्रयुक्त कार बरामद

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना पुलिस ने दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित आभूषण की दुकान से सोने की चेन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को एक आभूषण कारोबारी ने कोतवाली काठगोदाम में तहरीर देकर बताया था कि दमुवाढूंगा स्थित उसकी दुकान जय कृष्णा ज्वेलर्स पर दो अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की कार से पहुंचे थे। दोनों ने मौका पाकर दुकान से करीब 95 हजार रुपये कीमत की गोल्ड चेन चोरी कर ली और कार से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए काठगोदाम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। तहरीर के आधार पर कोतवाली काठगोदाम में मु0अ0सं0 105/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली अहम सुराग

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियों और उनके वाहन को बारीकी से देखा गया। इसके साथ ही पुलिस ने अन्य माध्यमों से भी आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

लगातार प्रयासों और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई।

बागजाला से दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को कुंवरपुर रोड, बागजाला, गौलापार क्षेत्र से घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु मौर्य (18 वर्ष) पुत्र भजन लाल मौर्य, निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी तथा अंतरिक्ष सागर (18 वर्ष) पुत्र सत्यपाल, निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद की है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा होने पर आभूषण कारोबारी ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले भी इस तरह की किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी डकैती कांड में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार और आरोपी गिरफ्तार, हथियारों के बल पर लाखों की डकैती में शामिल 4 नकाबपोश दबोचे, चार तमंचे, सात कारतूस, लूटी रकम और क्रेटा-स्कॉर्पियो बरामद
error: Content is protected !!