भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से खराब चल रहे भीमताल से ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए शासन ने 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
भीमताल से ढूंगशील को जोड़ने वाला यह मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण ग्रामीणों, किसानों तथा पर्यटकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब होने से स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ जाती थीं। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिस पर अब शासन से 72.36 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि बरसात समाप्त होने के बाद मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर हो और लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। वहीं, क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर मंत्री कैड़ा का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।










