नैनीताल। खनस्यूं थाना क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा गांव में पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चार बच्चों की मौजूदगी में अपनी पत्नी पर डंडे और चम्मच से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने बच्चों को धमकाया और घर से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को 24 अगस्त को काठगोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान सामने आया कि घटना के समय घर में मृतका और आरोपी के चारों बच्चे मौजूद थे। आरोप है कि भीम सिंह ने पत्नी के साथ डंडों और चम्मच आदि से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी रात में घर पर ही सोया और अगले दिन सुबह अपने बच्चों को धमकाते हुए कहा कि वे घटना के बारे में किसी को कुछ न बताएं। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।

मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना खनस्यूं पुलिस के साथ हल्द्वानी से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सुरक्षित किया गया और मौके से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी।

काठगोदाम के पास से दबोचा

लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने 24 अगस्त 2026 को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।

शराब के नशे में था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। उसने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का शक जताते हुए उसके साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार इसी मारपीट के दौरान पत्नी की मौत हो गई।

गिरफ्तार आरोपी

नाम: भीम सिंह पुत्र मानसिंह

निवासी: ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, जनपद नैनीताल

पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, देहरादून-नैनीताल समेत तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.