ब्रेकिंग न्यूज़

रक्षाबंधन से पहले भाई ने की दो सगी बहनों की हत्‍या, जीजा को भी मारी गोली,  में दिल दहला देने वाली घटना

बहनों के बर्ताव से  से नाराज 28 वर्षीय युवक ने अपनी दो शादीशुदा बहनों और एक जीजा को मारी गोली,

गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत ,  जीजा गंभीर रूप से घायल

रुड़की। हरिद्वार जिले के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बहनों के बर्ताव से कथित रूप से नाराज 28 वर्षीय युवक ने अपनी दो शादीशुदा बहनों और एक जीजा को गोली मार दी।

गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को देर रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विक्की (28), निवासी चुड़ियाला, भगवानपुर के रूप में हुई है। मंगलवार रात आरोपी सेक्टर रोड गणेशपुर स्थित अपनी सगी बहन संगीता (50) के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर नाराज चल रहे विक्की ने संगीता पर गोली चला दी। गोली लगने से संगीता की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी वहां से पनियाला रोड स्थित गली नंबर पांच में किराये के मकान में रह रही अपनी दूसरी बहन पुष्पा (40) के घर पहुंचा। वहां उसने पुष्पा और उसके पति संदीप (45) पर भी गोली चला दी। गोली लगने से पुष्पा की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। घायल संदीप को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक के बाद एक वारदात से मचा हड़कंप

एक ही रात में आरोपी द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर अपनी दोनों बहनों और जीजा को गोली मारे जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।

हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी अपनी बहनों के बर्ताव से नाराज था, लेकिन उसने यह कदम क्यों उठाया और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस हत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपी के बयानों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद वारदात के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दो महिलाओं की मौत और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 24 अगस्त, 2026
error: Content is protected !!