ब्रेकिंग न्यूज़

भतरौजखान/देघाट। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की संपत्ति पर शिकंजा कसा है।

जिलाधिकारी अल्मोड़ा की संस्तुति और कुर्की आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के दो कार और एक दुपहिया वाहन को जब्त कर कुर्क कर लिया। इसके अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल को भी जब्त करने की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

यह कार्रवाई एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर, एडिशनल एसपी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ भावना कैंथोला की देखरेख में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

नशा तस्करी के पांच मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार थाना देघाट क्षेत्र के सिमलगुना उदयपुर निवासी कुलदीप सिंह के खिलाफ थाना पुलिस और राजस्व पुलिस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी तथा आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक एवं समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने के बाद थाना देघाट में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों और उसकी आय के स्रोतों की भी जांच की। इसी जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से कई वाहन खरीदे थे।

जांच के बाद डीएम को भेजी गई रिपोर्ट

मामले की जांच के दौरान भतरौजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने आरोपी द्वारा अर्जित संपत्ति और वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के वाहनों को अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति मानते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट, अल्मोड़ा को भेजी गई।

रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित संपत्ति की कुर्की के संबंध में आदेश पारित किया। इसके बाद पुलिस ने आदेश के अनुपालन में कार्रवाई शुरू की।

दो कार और एक दुपहिया वाहन कुर्क

डीएम के आदेश के बाद भतरौजखान एसओ अवनीश कुमार और देघाट एसओ अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी के कब्जे से दो कार और एक दुपहिया वाहन को जब्त कर विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी से संबंधित एक अन्य मोटरसाइकिल को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले में संपत्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति को चिह्नित कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय उनकी अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर भी प्रभावी प्रहार करना है।

अल्मोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त अन्य आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और जांच में अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति सामने आने पर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 23 अगस्त 2026
error: Content is protected !!