ब्रेकिंग न्यूज़

सेवादल कार्यकर्ताओं ने उनके बताए आदर्शों पर चलने और संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

हल्द्वानी। कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. एनएस हार्डीकर की पुण्यतिथि पर बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय स्वराज आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उत्तराखंड कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों ने डॉ. हार्डीकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए कांग्रेस सेवादल को मजबूत करने तथा देशवासियों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में डॉ. एनएस हार्डीकर के जीवन और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. हार्डीकर ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में देश की सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, सेवा, संगठन और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का कार्य किया। कांग्रेस सेवादल की स्थापना के माध्यम से उन्होंने संगठन को सेवा और समर्पण की भावना से मजबूत आधार प्रदान किया।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. हार्डीकर के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सेवा के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को उठाना होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अतिरिक्त मुख्य संगठक एवं कुमाऊं मंडल प्रभारी राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल ने की। उन्होंने डॉ. हार्डीकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सेवादल की स्थापना के पीछे सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रमुख थी। आज आवश्यकता है कि कार्यकर्ता इन मूल्यों को अपने आचरण में उतारकर समाज और देश की सेवा करें।

इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत सिंह बगड़वाल, जिला मुख्य संगठक नैनीताल गोकर्ण सिंह बिष्ट, कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय, नगर मुख्य संगठक भवाली शांति तिवारी, ब्लॉक मुख्य संगठक बिंदुखत्ता पूजा राणा, देवभूमि व्यापार मंडल हल्द्वानी-महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बगड़वाल, कांग्रेस कार्यालय मंत्री ताहिर हुसैन, समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता नेत्र बल्लभ जोशी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने डॉ. हार्डीकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में प्रेम चौधरी, एनडी पांडेय, सुरेश चंद्र कपिल, राजेश दुआ, हरीश चंद्र, भुवन चंद्र, मोहन चंद्र समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. एनएस हार्डीकर के आदर्शों को आगे बढ़ाने और संगठन के माध्यम से समाज एवं देश की सेवा करने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें :  श्री नंदा देवी महोत्सव के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री धामी को निमंत्रण, 16 सितंबर से शुरू होगा आयोजन

You missed

error: Content is protected !!