ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए नैनीताल जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है।

जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर बुधवार, 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों और विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों के विधिक एवं सर्वे नमूने एकत्र किए गए।

विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

हल्द्वानी और कालाढूंगी में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य विनिर्माण इकाइयों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमानुसार विधिक खाद्य नमूने संकलित किए गए। टीम ने उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल और अरहर दाल के नमूने लिए।

विभागीय कार्रवाई के दौरान उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ का नमूना मेसर्स मंदाकिनी बेवरेजेज, लामाचौड़, हल्द्वानी, कृष्णा सॉस का नमूना पीके फूड्स एंड केमिकल्स, विजयपुर, चकलुवा, कालाढूंगी, काजू का नमूना न्यूट्रीकॉन्सेप्ट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम धमौला, नूडल का नमूना मेसर्स आशादीप एंटरप्राइजेज, आनपुर लामाचौड़ तथा अरहर दाल का नमूना मेसर्स सुपरसेल्स जियारुरहमान, कालाढूंगी बाजार से लिया गया।

कालाढूंगी क्षेत्र में निरीक्षण अभियान के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय भी मौजूद रहे। अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।

रामनगर के चिलकिया में भी चार प्रतिष्ठानों की जांच

रामनगर क्षेत्र के चिलकिया में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संकलित किए गए। इनमें जगदीश आटा मिल, चिलकिया से आटा तथा मित्तल इंटरप्राइजेज, शिवलालपुर, रामनगर से गरम खड़ा मसाला का नमूना प्रमुख रूप से शामिल है।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संकलित सभी विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में दूध, घी और वनस्पति के नमूने

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नन्दकिशोर के नेतृत्व में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने वनस्पति, दूध और घी के नमूने लिए। वनस्पति का नमूना पंचायत घर क्षेत्र स्थित शिवानी जनरल स्टोर से, जबकि दूध और घी के नमूने ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, देवलचौड़, हल्द्वानी से संकलित किए गए।

इसके अलावा विभाग की टीम ने त्योहारों में सबसे अधिक मांग वाले खाद्य पदार्थों को भी जांच के दायरे में रखा। इस दौरान खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को भी खाद्य विश्लेषण के लिए भेजा जा रहा है।

मिलावट मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने व्यापारियों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ और मिठाइयां खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि ग्राहक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि और लेबलिंग की जांच करने के बाद ही सामान खरीदें।

साथ ही किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, खराब गुणवत्ता अथवा अन्य अनियमितता की आशंका होने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : मां की मौत के बाद बेसहारा हुए चार मासूमों का गांव बना सहारा, पड़ोसियों ने संभाली बच्चों की जिम्मेदारी

You missed

error: Content is protected !!