ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल के पंत पार्क में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर राह गिरोह को बिना चीनी की चाय पिलाकर विरोध प्रदर्शन किया 

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। बढ़ती महंगाई और खासकर चीनी के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में बुधवार को युवा कांग्रेस ने नैनीताल के पंत पार्क में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजनों, राहगीरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग उठाई।

युवा कांग्रेस नेता त्रिभुवन फर्त्याल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महंगाई के मुद्दे पर मानो आंखें और कान बंद कर बैठी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें एक ओर चीन की बढ़ती गतिविधियों और कथित घुसपैठ पर प्रभावी रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर घरेलू बाजार में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सीमा पर चीन की बढ़ती गतिविधियां देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। इसके साथ ही घरेलू बाजार में चीनी के दामों में पिछले करीब एक माह में लगभग 35 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ रहा है।

फर्त्याल ने कहा कि रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों का सीजन चल रहा है। ऐसे समय में चीनी जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तु के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की एथेनॉल नीति भी चीनी के बढ़ते दामों के लिए जिम्मेदार है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चीनी के साथ-साथ प्याज और अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार को घेरा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और सरकार को केवल दावों के बजाय बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

पंत पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को फीकी चाय वितरित कर प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश दिया कि महंगाई ने आम आदमी के जीवन से मिठास छीन ली है। युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार से चीनी समेत सभी आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की।

यह भी पढ़ें :  2014 से पूर्व नियुक्त एलटी शिक्षकों को TET-2 से छूट देने की मांग तेज,शिक्षकों ने विधायक बंशीधर भगत को सोंपा ज्ञापन

You missed

error: Content is protected !!