नैनीताल। डीएसबी परिसर के कला संकाय सभागार में सोमवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत के कार्यकाल पूर्ण होने तथा परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा के अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर उन्हें भावभीनी विदाई एवं सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पवित्र जागेश्वर धाम का चित्र भेंट किया गया। वहीं, परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए ग्वाल देवता का चित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने दोनों शिक्षाविदों द्वारा विश्वविद्यालय एवं परिसर को दी गई सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान दोनों अधिकारियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण तथा परिसर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रो. संजय पंत, प्रभारी संकायाध्यक्ष प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. हरीश बिष्ट, डॉ. किरण तिवारी तथा डॉ. पंकज सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कुलपति एवं परिसर निदेशक के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं कुलगीत के साथ हुई, जबकि कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
सम्मान समारोह में प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. रीना सिंह, प्रो. नीलू, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. गीता तिवारी, प्रो. किरण बरगली, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. अर्चना श्रीवास्तव, प्रो. दीपक पालीवाल, डॉ. रुचि मित्तल, डॉ. भूमिका, डॉ. हृदेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रभा पंत, डॉ. सरोज पालीवाल, डॉ. गगन होती, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. अशोक कुमार, आनंद रावत, नंदा बल्लभ पालीवाल और विपिन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 79 बटालियन एनसीसी तथा 5 नेवल एनसीसी के विद्यार्थियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पूरे सभागार में आत्मीयता और सम्मान का वातावरण बना रहा तथा दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया।










