ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान कथित तौर पर गोली चल गई।

गोली कार्यालय परिसर में रखी एक अलमारी में जा लगी, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान कार्यालय के ही एक कर्मचारी द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। गोली चलने की आवाज से कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि गोली कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा लगी। घटना के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलने पर आरटीओ गुरदेव सिंह भी कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस टीम कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है तथा फायरिंग के दौरान मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कर्मचारियों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई। साथ ही आरोपी कर्मचारी द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार और उसके लाइसेंस समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

मुखानी पुलिस आरोपी कर्मचारी की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच और कर्मचारियों के बयान सामने आने के बाद ही फायरिंग की असली वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आरटीओ जैसे सरकारी कार्यालय परिसर में हुई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  भीमताल में पीलिया-डायरिया का प्रकोप: ज्योलीकोट समेत प्रभावित क्षेत्रों में 3 दिन स्कूल बंद, घर-घर पेयजल टैंकों को किया जा रहा शुद्ध

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.