कैंची धाम वीकेंड पर ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक; पर्यटकों को शटल सेवा से मिलेंगे बाबा नीम करौली के दर्शन

नैनीताल। जनपद नैनीताल में शनिवार 17 अक्टूबर और रविवार 18 अक्टूबर 2026 को वीकेंड के मद्देनजर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। वीकेंड पर बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। इसके तहत भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।

पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर अपने निजी वाहन खड़े करें और वहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचें। यातायात प्लान का उद्देश्य क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचना और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाना है।

भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध

वीकेंड के दौरान 17 और 18 अक्टूबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों के लिए मार्ग

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह रानीखेत की ओर से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान और रामगढ़ होते हुए खुटानी बैंड, भीमताल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ जाने वालों के लिए डायवर्जन

हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल से धारी और धानाचूली बैंड होते हुए भेजा जाएगा।

वहीं, काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना की ओर जाने वाले वाहनों को सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है।

निजी वाहन विकास भवन और सैनिटोरियम पार्किंग में होंगे पार्क

बाहरी जनपदों और राज्यों से भीमताल के रास्ते निजी वाहनों से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं, गेठिया और नैनीताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक भेजने की व्यवस्था रहेगी।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यात्रा की योजना बनाते समय निर्धारित यातायात व्यवस्था का ध्यान रखने की जरूरत है।

पुलिस की पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील

पुलिस ने समस्त पर्यटकों, आमजन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे 17 और 18 अक्टूबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यात्रा करते समय निर्धारित ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें। इससे अनावश्यक जाम और यातायात संबंधी असुविधाओं से बचा जा सकेगा तथा श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से कैंची धाम मंदिर में दर्शन कर सकेंगे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 11 अक्टूबर, 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.