अल्मोड़ा। धौलछीना थाना क्षेत्र के शेराघाट में रविवार को सरयू नदी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को नदी से बरामद कर जांच शुरू की तो मृतक की पहचान बागेश्वर जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिमौला निवासी 28 वर्षीय किशन राम उर्फ कुणाल पुत्र रमेश चंद्र के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक आठ सितंबर को बागेश्वर क्षेत्र में सरयू नदी में नहाते समय बह गया था।
घटना की सूचना ग्राम सभा सल्यूड़ी के प्रधान पति महेश सिंह बोहरा ने पुलिस को दी। उन्होंने सरयू नदी में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना धौलछीना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। इसके लिए आसपास और सरहदी जनपदों के विभिन्न थानों से संपर्क कर हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बागेश्वर क्षेत्र के बैजनाथ थाना अंतर्गत बिमौला निवासी किशन राम आठ सितंबर को सरयू नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया था। इसके बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया था और 11 सितंबर को संबंधित थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क कर बरामद शव के फोटो भेजे और उन्हें पहचान के लिए मौके पर बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान किशन राम उर्फ कुणाल के रूप में की, जिसके बाद कई दिनों से युवक की तलाश में जुटे परिवार को दुखद सूचना मिली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सरयू नदी में नहाने के दौरान बहने के आठ दिन बाद युवक का शव शेराघाट क्षेत्र में मिलने से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।




