1 नवंबर की दिल्ली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कांग्रेसजन: दीपक राठौड़
SIR में पात्र मतदाताओं के नाम कटने पर कांग्रेस गंभीर, वोट रक्षक पोर्टल से मतदाताओं को मिलेगी सहायता
विधानसभा स्तर पर चौपालों के जरिए संगठन मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को दी जाएगी गति
हल्द्वानी में अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने की प्रेसवार्ता, SIR में कटे पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए वोट रक्षक पोर्टल का होगा इस्तेमाल
विधायक सुमित हृदयेश बोले—मतदाता सूची से नाम हटने के मामले की हो पारदर्शी जांच, किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित करना गंभीर विषय
हल्द्वानी। लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा संचालित वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को उत्तराखंड में और तेज किया जाएगा। अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने रविवार को हल्द्वानी स्थित होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन भाग लेंगे। महारैली के बाद प्रदेशभर में अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना बेहद जरूरी है।
दीपक राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो उसे दोबारा सूची में शामिल कराने के लिए कांग्रेस की ओर से प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए पार्टी द्वारा तैयार किए गए वोट रक्षक पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को पोर्टल के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर सकें और प्रभावित पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सकें।
उन्होंने कहा कि अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों में चौपालों का आयोजन कर आम लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा और कांग्रेस के जमीनी संगठन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 यानी मिशन 2027 की तैयारियों को भी गति दी जाएगी।

