“रामनगर से ही डरा रही थी बस की रफ्तार, कुसुमखेड़ा में हुआ हादसा; बाल-बाल बचे यात्री”
चालक पर लापरवाही और तेज गति से बस चलाने का आरोप, बाल-बाल बचे यात्री; कुछ यात्रियों को आईं हल्की चोटें
बाइक सवार बस की चपेट करने से बाल बाल बचा
हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस रामनगर से हल्द्वानी की ओर आ रही थी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, बस चालक कथित तौर पर काफी तेज गति और लापरवाही से बस चला रहा था। एक यात्री ने बताया कि रामनगर से ही चालक की ड्राइविंग बेहद तेज और असावधानीपूर्ण लग रही थी। चालक के बार-बार तेज गति से बस चलाने के कारण यात्री पहले से ही डरे और सहमे हुए थे। उन्हें आशंका थी कि कहीं भी बस दुर्घटनाग्रस्त हो सकती है।
यात्री ने बताया कि उनकी आशंका आखिरकार कुसुमखेड़ा क्षेत्र में हादसे के रूप में सामने आई।
दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि अधिकांश यात्री सुरक्षित बच गए और हादसा बड़ा रूप लेने से टल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यात्रियों ने रोडवेज बस चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और बसों की सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने की मांग की है।






