मॉल रोड में नाव चालक और पर्यटकों के बीच मारपीट
रिपोर्ट गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की मॉल रोड क्षेत्र में शुक्रवार को नाव की टिकट के मूल्य को लेकर पर्यटकों और नाव चालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसके बाद लोअर मॉल रोड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज से नैनीताल घूमने पहुंचे कुछ पर्यटक शुक्रवार को मॉल रोड के समीप स्थित बोट स्टैंड पर पहुंचे। पर्यटकों ने नाव की सवारी के लिए टिकट का मूल्य पूछा। इसी दौरान टिकट के दाम को लेकर एक नाव चालक और पर्यटकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।
मारपीट के दौरान लोअर मॉल रोड पर यातायात के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। नाव चालकों का आरोप है कि पर्यटकों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें नाव चालक नदीम के चोटिल होने की बात सामने आई है। वहीं दूसरी ओर पर्यटकों ने भी नाव चालकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए विवाद शांत कराया। पुलिस ने तीन पर्यटकों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। वहीं नाव चालक को भी कोतवाली बुलाया गया है।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि नाव चालक के कोतवाली पहुंचने के बाद दोनों पक्षों से पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर भी मामले के तथ्यों की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस अब वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

























