12 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग, लोकगीत में हर्षिता गोसाईं और क्विज में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर रहा प्रथम
नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव के तीसरे दिन सभा भवन में स्कूली विद्यार्थियों के लिए लोकगीत प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कुल 12 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर, प्राइमरी स्कूल, राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ, ऐशडल, उमा लवली, नैनी पब्लिक स्कूल, जीआईसी, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, सेंट जॉन्स, जीजीआईसी, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय तथा सीआरएसटी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
लोकगीत प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने कुमाऊं की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोकधुनों से जुड़े गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, संस्कृति एवं विभिन्न विषयों से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
क्विज प्रतियोगिता में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीजीआईसी और सीआरएसटी इंटर कॉलेज ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।
लोकगीत प्रतियोगिता में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की हर्षिता गोसाईं ने प्रथम, सेंट जॉन्स की वैष्णवी ने द्वितीय तथा मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की रिधिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भारतीय शहीद सैनिक विद्यापीठ की भावना साही को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कैलाश जोशी एवं वंदना पांडे शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण एवं आयोजन में डॉ. रेखा त्रिवेदी, गीता साह, मोनिका साह, निधि कंसल, नीलू, रेखा कंसल, वर्षा जल, शोभा, नीरू, रेनू, मंजू, शुचि एवं सीमा, नीलम सहित अशोक साह, जगदीश बावरी, मुकुल जोशी, राजेंद्र लाल साह, बिमल चौधरी, बिमल साह एवं राजेंद्र बजेठा ने सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति, नवीन पांडे एवं डॉ. ललित तिवारी ने किया। आयोजन में आशीर्वाद वुमेंस क्लब प्रायोजक रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला।



















