ब्रेकिंग न्यूज़

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर सड़कों पर उतरे राजपत्रित अधिकारी, कॉलेजों के आसपास भीड़ हटाने के लिए अनाउंसमेंट; दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील, हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई, एसएसपी के निर्देश पर सड़कों पर उतरे पुलिस अधिकारी

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

कॉलेज परिसरों से लेकर शहर की सड़कों, होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस के राजपत्रित अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी मनोज कत्याल सहित सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमों के साथ चेकिंग अभियान चला रहे हैं। पुलिसकर्मियों को चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

कॉलेज परिसरों और सार्वजनिक स्थलों से हटाई गई प्रचार सामग्री

छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा लिंगदोह समिति के नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए कॉलेज परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अवैध पोस्टर, बैनर और अन्य चुनाव प्रचार सामग्री को हटवाया गया है। पुलिस का उद्देश्य चुनावी प्रचार के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था को रोकना है।

होटल-ढाबों और दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर

चुनाव के दौरान कॉलेजों के आसपास अनावश्यक भीड़भाड़ को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। होटल, ढाबों और ठेलों की सघन चेकिंग की जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।

पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सड़कों के किनारे खड़े वाहनों और अनावश्यक रूप से जमा भीड़ को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही कॉलेजों के आसपास स्थित दुकानदारों से चुनाव के दिन दुकानें बंद रखने की अपील की गई है, जिससे कॉलेज परिसरों के आसपास भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। पुलिस ने साफ किया है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में पुस्तैनी जमीन के विवाद में खूनी खेल, भाई ने की भाई की हत्या

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.