कर्तव्यपथ का साथी हुआ विदा: आरक्षी प्रकाश नैनवाल को नैनीताल पुलिस ने दी शोक सलामी, नम आंखों से अंतिम विदाई
उपचार के दौरान आरक्षी प्रकाश नैनवाल का निधन, पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
नैनीताल। पुलिस लाइन नैनीताल में तैनात आरक्षी प्रकाश नैनवाल का 30 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य खराब होने के कारण उपचार के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से नैनीताल पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। कर्तव्य के दौरान साथी रहे आरक्षी को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
पुलिस लाइन नैनीताल में दिवंगत आरक्षी प्रकाश नैनवाल को शोक सलामी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल, सीओ लालकुआं श्री विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल श्री हरकेश सिंह सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरक्षी प्रकाश नैनवाल के कर्तव्यनिष्ठ सेवाभाव और पुलिस विभाग के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने कहा कि एक साथी के असामयिक निधन से विभाग को गहरा आघात पहुंचा है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
दुःख की इस घड़ी में दिवंगत आरक्षी के परिजन भी पुलिस लाइन में मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में पुलिस विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग एवं संवेदना व्यक्त की।
नैनीताल पुलिस परिवार ने दिवंगत आरक्षी प्रकाश नैनवाल के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।
आरक्षी प्रकाश नैनवाल का निधन नैनीताल पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सहकर्मियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को सदैव अपने बीच जीवित रखने की बात कही।





































