ब्रेकिंग न्यूज़

एसपी हरबंस सिंह ने संभाला एसपी सिटी हल्द्वानी का कार्यभार

 जनता की सुनवाई, प्रभावी कानून व्यवस्था एवं हल्द्वानी शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना होगी प्राथमिकता

हल्द्वानी। 2009 बैच के अनुभवी पीपीएस अधिकारी हरबंस सिंह ने आधिकारिक रूप से हल्द्वानी के एसपी सिटी का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कानून व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के साथ ही आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि थानों और चौकियों पर अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि फरियाद लेकर आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर रहेगा विशेष जोर

हल्द्वानी शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए एसपी सिटी ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात के सुचारू संचालन के लिए आवश्यकता के अनुसार थाना और चौकी पुलिस बल को भी यातायात व्यवस्था में लगाया जाएगा। प्रमुख मार्गों, चौराहों और अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर जाम की समस्या को नियंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे।

लंबित अपराधों के शीघ्र खुलासे के निर्देश

अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सिटी ने कहा कि अनवर्कआउट यानी लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और विवेचना से जुड़े कर्मचारियों को लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय, रेंज और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शहर में प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।

कई महत्वपूर्ण जनपदों और इकाइयों में दे चुके हैं सेवाएं

एसपी सिटी हरबंस सिंह 2009 बैच के अनुभवी पीपीएस अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण जनपदों और पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे पौड़ी, देहरादून, पीटीसी नरेंद्रनगर, नैनीताल, चमोली, एसडीआरएफ, एसपी विजिलेंस (हाइडिल), एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी क्राइम नैनीताल और अल्मोड़ा सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दे चुके हैं।

हल्द्वानी में एसपी सिटी का पदभार संभालने के बाद अब उनके सामने शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, लंबित अपराधों के निस्तारण और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान जैसी प्रमुख जिम्मेदारियां हैं। उनके अनुभव को देखते हुए पुलिस विभाग की ओर से शहर में प्रभावी और जवाबदेह पुलिसिंग को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता में हृतिका भट्ट ने जीता कांस्य पदक, नैनीताल का नाम किया रोशन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.