हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंकट हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मानित करने के साथ ही उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि शांति मेहरा ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष इंजीनियर भुवन भास्कर पांडे ने की।
पौधारोपण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर की गई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् का गायन हुआ। समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महिलाओं द्वारा गणेश वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
वयोवृद्धों और समाजसेवियों का सम्मान
समारोह के दौरान समिति के पांच वयोवृद्ध जनों, तीन विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों, स्वच्छता एवं पर्यावरण संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों तथा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को माला, मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की ऐसी अमूल्य धरोहर हैं, जिनके जीवन अनुभव और ज्ञान से नई पीढ़ी को निरंतर सीख मिलती है। उनके सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ विषय पर ग्रुप डांस की प्रस्तुति दी। वहीं श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और भावनात्मक रंग भर दिया। वरिष्ठजनों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
वरिष्ठजनों के लिए संचालित योजनाओं की दी जानकारी
जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने अपने संबोधन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठजनों से उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि नवीन चंद वर्मा और विशिष्ट अतिथि शांति मेहरा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके लंबे जीवन का अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठजनों का सम्मान करने और उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
नशा मुक्त भारत की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जागरूकता और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। इसके बाद समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, कलाकारों एवं उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी असलम अली, मो. चांद, सहायक समाज कल्याण अधिकारी विपिन बिष्ट, जिला दिव्यांग केंद्र की डॉ. निधि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काठगोदाम के डॉ. विपुल शंकर, महिला अस्पताल हल्द्वानी की डॉ. दीपा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदुखत्ता के रजत तिवारी सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।





































