नैनीताल के भवाली कैंचीधाम के समीप एक कार के खाई में गिरने से चार लोग घायल हुए हैं और एक की मौत हुई है
मध्यरात्रि को निगलाट गांव के पास हुआ हादसा, अंधेरे में SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से निकाला
रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला
भवाली (नैनीताल)। नैनीताल जिले में भवाली-कैंचीधाम के समीप निगलाट गांव में गुरुवार मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या UP25EJ4586 में बरेली निवासी पांच लोग सवार थे। गुरुवार देर रात वाहन निगलाट गांव के समीप पहुंचा ही था कि अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। रात का समय होने और खाई काफी गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
घुप्प अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में SDRF एवं पुलिस जवानों ने जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली भेजा गया।
वहीं, हादसे में संदीप शर्मा की मौत हो गई। SDRF की टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान 23 वर्षीय सनी, 29 वर्षीय अनुज तिवारी, संचित और रवि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार अनुज तिवारी चला रहा था।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर रात के समय वाहन चलाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
























