19.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस वर्ष किए बाबा केदार के दर्शन, पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना

जय श्री केदार के जयघोष से गूंज उठी केदारपुरी

बर्फीली ठंड में उमड़ा आस्था का सैलाब, 5 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बंद हुए केदारनाथ के कपाट

केदारनाथ यात्रा का समापन, इस साल 19.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का भी समापन हो गया। अब आगामी छह माह तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

कपाट बंद होने के इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर का साक्षी बनने के लिए बुधवार को पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे। कड़ाके की ठंड और आसपास की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे केदारपुरी क्षेत्र में बाबा के जयकारे गूंजते रहे। इस विशेष अवसर पर केदारनाथ मंदिर को स्थानीय फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही थी।

इस दौरान स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से स्वयंभू शिवलिंग को ढका गया। धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को सभा मंडप से बाहर मंदिर परिसर में लाया गया। विधि-विधान के साथ सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

जय श्री केदार के उद्घोष के साथ रवाना हुई पंचमुखी डोली

मुख्य मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के जयघोष के बीच डोली ने केदारपुरी से प्रस्थान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बाबा केदार को विदाई दी और अगले यात्रा वर्ष में दोबारा दर्शन करने की कामना की।

19.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
इस यात्रा वर्ष केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आमद ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार इस वर्ष साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। बड़ी संख्या में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि शीतकाल में भी श्रद्धालु उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों तक पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकें।

उल्लेखनीय है कि केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल और रक्षक माने जाने वाले बाबा भैरवनाथ के कपाट भी सात नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। इसके बाद बुधवार को भगवान केदारनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही धाम में नियमित पूजा-अर्चना की परंपरा अब शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ में जारी रहेगी।
कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखण्ड पुलिस के दो अधिकारियों को मिला बड़ा सम्मान, डॉ. जगदीश चन्द्र को राष्ट्रपति पुलिस पदक तो एसपी हरबन्स सिंह को गोल्ड मेडल से नवाजा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.