ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल-हल्द्वानी में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा और ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश को किया याद

गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश, अधिकारियों ने महापुरुषों को अर्पित किए श्रद्धासुमन

नैनीताल/हल्द्वानी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर नैनीताल और हल्द्वानी में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों का स्मरण किया।

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने किया महात्मा गांधी और शास्त्री जी का स्मरण

हल्द्वानी में कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्र निर्माण और भारत को परतंत्रता से मुक्त कराने में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने दोनों महान व्यक्तित्वों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों का स्मरण किया। दीपक रावत ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत आज भी समाज और देश को दिशा प्रदान करते हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर आयुक्त कैंप कार्यालय के सभी कार्मिकों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

नैनीताल कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सरल जीवन का संदेश आज भी पूरे विश्व को राह दिखा रहा है। उनके विचार समाज में समानता, शांति और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश के विकास तथा आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। शास्त्री जी का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्र सेवा का प्रतीक है।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन इस प्रकार करें कि उनकी कार्यशैली विशिष्ट और अनुकरणीय बने। उन्होंने कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ी है।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है और उनके संघर्ष को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।

गांधी प्रतिमा सहित शहीदों के स्मृति स्थलों पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

कार्यक्रम के बाद अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने तल्लीताल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के स्मृति स्थल पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद उन्होंने मल्लीताल स्थित खादी भवन पहुंचकर चरखा चलाया और खादी एवं ग्रामोद्योग की परंपरा तथा स्वदेशी विचारधारा से जुड़ाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रोहिताश सिंह, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मीडिया सेंटर में ध्रुव रौतेला ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

हल्द्वानी में उपाध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति ध्रुव रौतेला ने भी गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण तथा देश को परतंत्रता से मुक्त कराने में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की विशेष भूमिका रही है।

ध्रुव रौतेला ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके विचारों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष आज भी प्रत्येक भारतीय को देश सेवा के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर ध्रुव रौतेला के साथ मीडिया सेंटर कार्यालय के सभी कार्मिकों ने भी दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव: प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत, आमसभा में रखा विजन, कल होगा मतदान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.