हल्द्वानी में अचानक धरती डोली, करीब पांच सेकंड तक महसूस हुई धरती की कंपकंपी, अचानक मची अफरा-तफरी

हल्द्वानी।  देर रात करीब 10.25 मिनट पर हल्द्वानी में अचानक धरती डोल उठी। करीब पांच सेकंड तक भूकंप के तेज झटके महसूस होने से लोगों में हड़कंप मच गया। घरों में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए और कई इलाकों में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

लोगों के मुताबिक अचानक मकान और सामान हिलने लगा। कुछ ही सेकंड में लोग घरों से निकलकर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे।फिलहाल भूकंप की तीव्रता, केंद्र और गहराई की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। शुरुआती तौर पर किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

देहरादून/नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उत्तराखंड के चमोली से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मंगलवार रात धरती डोली, जबकि इसके कुछ घंटों बाद अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार आए भूकंपों के चलते कई इलाकों में लोग दहशत में नजर आए और रात में घरों से बाहर निकल आए।

उत्तराखंड में मंगलवार रात आए भूकंप का सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में महसूस किया गया। यहां भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 बताई गई। भूकंप के झटके चमोली के अलावा पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल समेत प्रदेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर लोग काफी देर तक घरों में वापस जाने से बचते रहे।

दिल्ली-NCR तक महसूस हुए झटके

उत्तराखंड में आए भूकंप का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर तक भी महसूस किया गया। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। रात के समय अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप के अनुभव साझा किए।

हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आधी रात के बाद अरुणाचल में भी कांपी धरती

उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के बाद अरुणाचल प्रदेश में भी धरती हिली। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग क्षेत्र में 10 अक्टूबर की तड़के 2:22 बजे भूकंप आया। इसकी तीव्रता 3.0 मापी गई, जबकि भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था।

कम तीव्रता के बावजूद रात के समय भूकंप के झटके महसूस होने से कई लोगों की नींद खुल गई। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

लगातार भूकंप से बढ़ी चिंता

उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। चमोली समेत प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूकंप के झटके समय-समय पर महसूस होते रहे हैं। वहीं, उत्तर भारत में भूकंप के झटके दिल्ली-एनसीआर तक महसूस होने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल विशेषज्ञों और प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की जाती है। भूकंप आने की स्थिति में घर के अंदर होने पर मजबूत मेज के नीचे शरण लेना, खिड़कियों और भारी सामान से दूर रहना तथा झटके रुकने के बाद सुरक्षित स्थान पर जाना महत्वपूर्ण है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उत्तराखंड से राज्यसभा प्रत्याशी; नैनीताल में कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.