हल्द्वानी में निकली प्रभु श्रीराम की भव्य बारात, 20 हजार से अधिक रामभक्तों ने लगाए जय श्रीराम के जयकारे

25 से अधिक स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत, धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियों ने मोहा मन

हल्द्वानी। शहर में प्रभु श्रीराम की भव्य बारात ने पूरे हल्द्वानी को राममय कर दिया। प्राचीन श्री शिव सेवा समिति की ओर से आयोजित राम बारात श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में अयोध्यापुरी से जनकपुरी यानी रामलीला मैदान तक निकाली गई। आयोजकों के अनुसार बारात में 20 हजार से अधिक रामभक्त शामिल हुए। बारात के दौरान जगह-जगह गूंजते ‘जय श्रीराम’ के जयकारों और श्रद्धालुओं द्वारा की गई पुष्पवर्षा से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।

बारात की अगुवाई धर्म ध्वज और प्रभु श्रीराम की भव्य झांकी ने की। इसके पीछे हाथों में भगवा ध्वज लिए बड़ी संख्या में बच्चे और रामभक्त जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। बारात में शामिल आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

बारात में ब्रह्मा, विष्णु और महेश, भगवान हनुमान, बाबा नीम करौली जी, शेरावाली माता, वासुदेव, महाकाल, भीष्म पितामह और खाटू श्याम के भव्य स्वरूपों की झलक देखने को मिली। इसके साथ ही देश की विभिन्न संस्कृतियों को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भव्य बना दिया। केरल की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रभु श्रीराम की बारात जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम और बारात का स्वागत किया। शहर में 25 से अधिक स्थानों पर बारात का भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं मिष्ठान वितरण की व्यवस्था की।

इस दौरान केसरवानी समाज, पंजाबी जन कल्याण समिति, अग्रवाल समाज, सिंधी समाज और पाल समाज सहित कई संगठनों ने अपनी सहभागिता निभाई। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व जलपान की व्यवस्था की गई।

बारात के जनकपुरी यानी रामलीला मैदान पहुंचने पर कन्या पक्ष की ओर से भी भव्य स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा के साथ बारातियों का स्वागत किया गया और मिष्ठान खिलाकर आतिथ्य किया गया। इस दौरान रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

आयोजन में विधायक सुमित हृदयेश सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक हरिमोहन अरोड़ा ने बारात में शामिल सभी रामभक्तों, सहयोगी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

हल्द्वानी में निकली प्रभु श्रीराम की यह भव्य बारात धार्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बनने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देती नजर आई।

हजारों की संख्या में उमड़े रामभक्तों ने पूरे शहर को राममय कर दिया और वातावरण में भक्ति एवं उत्साह की अनूठी छटा देखने को मिली।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  सुरक्षित परिसर और आधुनिक सुविधाओ की ओर कदम-नए थाना बेतालघाट भवन का निरीक्षण; एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.