हल्द्वानी में 151 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और मेयर गजराज बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग हुए शामिल
तारा जन सेवा समिति का भव्य आयोजन, कन्या पूजन को बताया नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक
हल्द्वानी। तारा जन सेवा समिति, तल्ली बमोरी की ओर से बुधवार को दशहरे के अगले दिन कन्या पूजन का भव्य कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। लालडांठ रोड स्थित तारा टेंट हाउस एवं शिव गौरी बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 151 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें तिलक लगाया गया और उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ बेटियों के सम्मान, नारी शक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे भजन-कीर्तन के साथ हुआ। लगभग दो घंटे तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। इसके बाद श्री मनोज कृष्ण शास्त्री व्यास जी ने कन्या पूजन के पौराणिक महत्व, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कन्या पूजन की परंपरा को भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान और देवी स्वरूप की आराधना से जुड़ा महत्वपूर्ण अनुष्ठान बताया।
इसके बाद विधि-विधान के साथ 151 कन्याओं का पूजन किया गया। कन्याओं को तिलक लगाकर उपहार भेंट किए गए और उनका आशीर्वाद लिया गया। इस आयोजन में लिटिल फ्लावर स्कूल, सिल्वरस्टोन स्कूल, सावित्री शिक्षा संस्थान और किड्स केयर गार्डन की नन्ही बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कन्या पूजन कार्यक्रम में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, भाजपा नेता कौस्तुभयम जोशी, निश्चल पांडे और विजय मनराल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा वार्ड संख्या 49 के पार्षद चंदन सिंह मेहता, पंडित मदन मोहन जोशी सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सभी अतिथियों ने कन्या पूजन की परंपरा को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और बेटियों के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
आयोजन को सफल बनाने में महिलाओं और कार्यकर्ताओं का रहा योगदान।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीमती तारा मेहता, अनीता मेहता, शोभा मेहता, पदमा बेलवाल, शांति जीना, पूनम जोशी, इंदिरा पंत, नलिनी सिंह मेहता, समीर आर्य, प्रताप रैकवार, देवेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप भोज, शांति भट्ट, अक्षत मेहता, संजय उप्रेती और संतोष रावत सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
हर वर्ष दशहरे के अगले दिन होगा कन्या पूजन: जितेन सिंह मेहता
तारा जन सेवा समिति के अध्यक्ष जितेन सिंह मेहता (जीतू) ने कहा कि शास्त्रों में “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता” के माध्यम से नारी के सम्मान का महत्व बताया गया है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बेटियों की।
संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने “बेटी है तो कल है” का संदेश देते हुए कहा कि बेटियों का सम्मान और सशक्तीकरण एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से तारा जन सेवा समिति ने धार्मिक आस्था के साथ बेटियों के सम्मान, सामाजिक एकजुटता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

