स्यालकोट में कनार फाउंडेशन की भव्य माता की चौकी संपन्न।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। विकासखंड भिकियासैंण के अंतर्गत बासोट क्षेत्र के स्यालकोट में कनार फाउंडेशन की ओर से भव्य माता की चौकी का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
वहीं, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के दौरान मां भगवती की आराधना की गई और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की। माता की चौकी में शामिल होने के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां की भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी प्रदान किया।
माता की चौकी के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
लोकगायक रमेश बाबू गोस्वामी के गीतों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। उनके गीतों की धुन पर उपस्थित लोग जमकर झूमे। लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया। लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन में स्थानीय लोगों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिनंदन नेगी, हेमंत नेगी, मोहन जमनाल, भुवन जमनाल, चंदन कराकोटी, यशपाल भंडारी, नंदन भंडारी, नरेंद्र नेगी, विजय, उदय असवाल, ललित जमनाल और महिपाल कराकोटी सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने की दिशा में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कनार फाउंडेशन की ओर से आयोजित माता की चौकी ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।
आयोजन के माध्यम से स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही लोगों को एक साथ मिलकर उत्सव मनाने का अवसर भी मिला।

