भवाली। नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र के मेहरागांव में गुरुवार शाम निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दीवार बनाने का काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक पहाड़ी से मलबा गिर गया। मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल मजदूर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया। पुलिस ने मामले में ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अचानक पहाड़ी से गिरा मलबा, संभलने का नहीं मिला मौका
पुलिस के अनुसार, मेहरागांव में एक निर्माण स्थल पर दीवार बनाने का काम चल रहा था। गुरुवार शाम करीब छह बजे मजदूर अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबा नीचे आ गिरा और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया।
कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि हादसे में गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र कुमार, की मौत हो गई। वह मूल रूप से लालकुआं की रहने वाली थीं और वर्तमान में भीमताल के निशौला क्षेत्र में रह रही थीं। हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे मजदूर की पहचान हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा, निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
वहीं, नेपाल निवासी नेत्र सिंह हादसे में घायल हो गया। इस घटना में दो मजदूरों की मौत से उनके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद परिजनों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। मजदूरों की मौत से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के इंतजामों और हादसे के कारणों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

