भीमताल में निर्माणाधीन साइट पर हादसा, मलबे में दबने से महिला समेत 2 मजदूरों की मौत

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

भीमताल/नैनीताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कोतवाली भीमताल क्षेत्र के अंतर्गत ढुलाई, मेहरागांव में बुधवार को एक निर्माणाधीन साइट पर ऊपर से मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मृतकों में एक महिला और करीब 18 से 19 वर्ष का युवक शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

गहरी खुदाई के दौरान गिरा मलबा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय निर्माण स्थल पर चार मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि साइट पर फाउंडेशन के लिए काफी गहरी खुदाई की गई थी। इसी दौरान ऊपर से मलबा खिसककर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे वे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूर घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद भीमताल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि हादसा करीब दोपहर साढ़े तीन बजे हुआ, जबकि पुलिस को इसकी सूचना शाम करीब छह से सवा छह बजे के बीच मिली। निर्माण स्थल से जुड़े लोगों की ओर से सूचना देने में देरी क्यों हुई, इस बिंदु की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के बाद से सूचना दिए जाने तक घटनास्थल पर क्या गतिविधियां हुईं और राहत कार्य कब शुरू किया गया।

सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका

मौके पर पहुंचे एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से निर्माण स्थल पर हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस और सीओ नैनीताल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निर्माण स्थल पर गहरी खुदाई की गई थी और सुरक्षा संबंधी सावधानियों में कमी होने की आशंका है। ऊपर से मलबा गिरने के कारण मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों, गहरी खुदाई के दौरान बरती गई सावधानियों और घटना की सूचना देने में हुई देरी समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए किसी की लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पशुपतिनाथ मंदिर कौड़ार के विकास को 98 लाख रुपये की मंजूरी, पहली किस्त के 59 लाख जारी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.