कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा पर आनंद सिंह दरमवाल का हमला, बोले- चुनाव से पहले खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसा हाल
2027 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार बनाएगी सरकार : दरमवाल
हल्द्वानी। कांग्रेस की ओर से दिल्ली में निकाली जा रही ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नैनीताल के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरमवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस की इस यात्रा को राजनीतिक दिखावा करार देते हुए कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस का हाल ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसा हो गया है।
आनंद सिंह दरमवाल ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस लोकतंत्र और देश को बचाने के नाम पर अभियान चलाने का ढोंग कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपनी भाषा और राजनीतिक आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए। लोकतंत्र की दुहाई देने वाली पार्टी को अपने व्यवहार में भी लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करना चाहिए।
दरमवाल ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके दोहरे रवैये को भली-भांति समझ चुकी है। केवल यात्राएं निकालने और नारे लगाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए जनहित में काम करना और जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता साबित करना जरूरी है।
उन्होंने उत्तराखंड की राजनीति पर बात करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है।
दरमवाल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का इतिहास रचेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।

