लोहे की रॉड से चाचा-चाची की हत्या, बीच-बचाव करने आई बहू पर भी किया जानलेवा हमला

बागेश्वर डबल मर्डर केस में आरोपी भतीजा गिरफ्तार, चाचा-चाची की हत्या से गांव में सनसनी

बागेश्वर। जिले की गरुड़ तहसील के नरगोडी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घर में घुसकर चाचा-चाची पर किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, नरगोडी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी को निशाना बनाया। इसके बाद वह नीचे के कमरे में पहुंचा और चाचा पूरन चंद्र पर भी लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस ने आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी थी शिकायत

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। इससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। बताया जा रहा है कि करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।

घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, दोहरे हत्याकांड के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद नरगोडी गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या और बहू पर जानलेवा हमले से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने किया जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण, पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.