जिला सूचना कार्यालय देहरादून पहुंचे ध्रुव रौतेला, पत्रकारों की सुविधाओं और विभागीय कार्यों का लिया जायजा

पत्रकारों को सहजता से मिलें सुविधाएं, जन-कल्याणकारी योजनाओं का हो व्यापक प्रचार: ध्रुव रौतेला

पत्रकारों को सरकारी सुविधाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने के निर्देश, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में तेजी लाने को कहा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने शनिवार को जिला सूचना कार्यालय, देहरादून का भ्रमण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के हितों में संचालित सरकारी सुविधाओं, कार्यालय की विभिन्न गतिविधियों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान ध्रुव रौतेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की ओर से पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सभी पात्र पत्रकारों तक सरलता और सुगमता से पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनकी समस्याओं को शासन के संज्ञान में लाकर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने जिला सूचना कार्यालय को आवंटित बजट और उसके माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सरकारी योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक रूप से पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। उन्होंने सूचना विभाग को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने और योजनाओं के प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान ध्रुव रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में कार्यरत स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों से बातचीत कर उनके कार्यों, दायित्वों और कार्यस्थल से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यालय की व्यवस्थाओं और कार्य निष्पादन के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने उपाध्यक्ष को कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभागीय गतिविधियों, संचालित योजनाओं और विभिन्न कार्यों की प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

ध्रुव रौतेला के इस निरीक्षण को सूचना विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र आर्य का शिक्षकों ने किया स्वागत, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.