नैनीताल। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग और राजस्व पुलिस की संयुक्त टीम ने आज कालाढूंगी में छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई और संदेह के आधार पर सैंपल एकत्र किए गए।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कमिश्नर कुमाऊं रीजन ए.के. फ्लोरिया, सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर-कालाढूंगी असलम खान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रखरखाव का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लिए गए सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। त्योहारी सीजन में आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

