भांजी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे मामा की मौत, ग्राम विकास अधिकारी भी हादसे का शिकार,दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं
हल्द्वानी। रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल का सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) सोमवार को अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों यहां राजीव की भांजी भावना की शादी के कार्ड बांटने पहुंचे थे। कार्ड बांटने के बाद सोमवार शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से वापस रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कालाढूंगी के वार्ड नंबर छह निवासी सौरभ बिष्ट (29) की मौके पर ही मौत हो गई। सौरभ पेशे से ग्राम विकास अधिकारी थे। वहीं, रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
राजीव के बहनोई प्रेम शंकर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार बताए जा रहे हैं।
शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे राजीव
हादसे में जान गंवाने वाले राजीव गुप्ता अपनी भांजी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। परिजनों के अनुसार, भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में राजीव हल्द्वानी में रिश्तेदारों और परिचितों को शादी के कार्ड बांटने आए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की। दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं, जबकि घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दोनों बाइकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

