भीमताल में भाजपा के टिकट के लिए 12 दावेदारों ने ठोकी ताल, मदन कौशिक ने टटोली सियासी नब्ज

भाजपा नेता व उत्तराखंड सरकार में मीडिया सलाहकार ध्रुव रौतेला ने भी पेश की दावेदारी

भीमताल के हिंदूवादी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने पेश की दावेदारी 

भीमताल। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भीमताल विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर टिकट को लेकर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है।

वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की सीट पर अपनी दावेदारी पेश करने के लिए पार्टी के 12 नेताओं ने टिकट की मांग उठाई है। संगठन की ओर से भेजे गए प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भीमताल पहुंचकर संभावित दावेदारों से मुलाकात की और उनकी राजनीतिक सक्रियता, जनाधार तथा चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।

मदन कौशिक के भीमताल पहुंचने के बाद भाजपा के संभावित प्रत्याशियों में हलचल तेज हो गई। इस दौरान एक के बाद एक 12 नेताओं ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपनी दावेदारी पेश की। पार्टी के भीतर टिकट के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए भीमताल सीट पर सियासी मुकाबला दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।

ध्रुव रौतेला और खीमा शर्मा ने भी मांगा टिकट

भीमताल विधानसभा सीट पर सबसे चर्चित दावेदारों में वरिष्ठ पत्रकार, भाजपा के युवा नेता एवं धामी सरकार में दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला का नाम शामिल रहा। उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूती के साथ रखते हुए कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो भीमताल में ऐतिहासिक जीत दर्ज की जाएगी।

वहीं, भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ पार्टी नेत्री खीमा शर्मा ने भी टिकट की मांग करते हुए अपनी दावेदारी पेश की। दोनों नेताओं की दावेदारी के बाद भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी चुनावी मैदान में उतरने को तैयार

भीमताल विधानसभा सीट पर टिकट के लिए कई अनुभवी नेताओं ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। इनमें भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री एवं महिला नेत्री भावना मेहरा तथा पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान में दर्जा राज्य मंत्री देवेंद्र ढैला शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह और नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

युवा और संगठन से जुड़े नेताओं ने भी पेश किया दावा

भाजपा जिला मंत्री एवं हिंदूवादी नेता मनोज भट्ट ने भी विधानसभा चुनाव में उतरने की इच्छा जताई है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय मनोज भट्ट के साथ ही पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन चिलवाल और पूर्व जिला मंत्री तथा संघ के स्वयंसेवक दिनेश सांगुड़ी ने भी टिकट के लिए अपना दावा पेश किया।

राम सिंह कैड़ा की दावेदारी भी मजबूत

भीमताल विधानसभा सीट से वर्तमान में राम सिंह कैड़ा विधायक हैं और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मौजूदा विधायक होने के साथ ही सरकार में महत्वपूर्ण पद पर होने के कारण कैड़ा को टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हालांकि, पार्टी के भीतर एक साथ 12 नेताओं की दावेदारी सामने आने से यह स्पष्ट हो गया है कि भीमताल सीट पर टिकट को लेकर भाजपा में अंदरूनी प्रतिस्पर्धा तेज है। अब सभी की निगाहें पार्टी संगठन के अगले कदम पर टिकी हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा संगठन वर्तमान विधायक राम सिंह कैड़ा पर ही भरोसा जताता है या फिर किसी नए चेहरे को मौका देता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल भीमताल विधानसभा सीट पर टिकट की दावेदारी को लेकर भाजपा के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने लगी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका,पुलिस-वन-आबकारी विभाग में 1818 पदों पर होगी नियुक्ति

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.