नैनीताल -चाइना पीक के जंगल में भीमताल के निजी विश्वविद्यालय का छात्र लापता, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

 अपने दोस्तों के साथ नैना पिक घूमने गया वापसी में अपने दोस्तों के साथ बिछड़ गया 

वन विभाग और एसडीआरएफ की पांच टीमें तलाश में जुटीं

 रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाइना पीक के जंगल में घूमने गए भीमताल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बिहार निवासी 20 से 21 वर्षीय छात्र अनुव के लापता होने से हड़कंप मचा हुआ है। छात्र की तलाश में पुलिस, वन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जंगल के अलग-अलग क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रातभर खोजबीन के बावजूद छात्र का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, चार दोस्त शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चाइना पीक घूमने के लिए गए थे। शाम को तीन दोस्त वापस लौट आए, लेकिन अनुव उनके साथ नहीं था। साथियों ने बताया कि जंगल में घूमने के दौरान अनुव उनसे बिछड़ गया और इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। दोस्तों से जानकारी मिलने के बाद मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच लापता छात्र की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। पुलिस, वन विभाग और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने जंगल के दुर्गम इलाकों में खोजबीन शुरू की। अभियान के दौरान चार से पांच टीमें गठित की गईं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में छात्र की तलाश की। रात में अंधेरा और जंगल का दुर्गम रास्ता होने के बावजूद टीमों ने करीब रात ढाई बजे तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा।

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह छह बजे से एक बार फिर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसके लिए पांच टीमें गठित की गई हैं, जो जंगल के अलग-अलग हिस्सों और संभावित रास्तों पर गश्त कर छात्र की तलाश में जुटी हैं। वन विभाग और एसडीआरएफ के जवान जंगल के भीतर दुर्गम स्थानों पर भी खोजबीन कर रहे हैं।

अधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि चार युवक चाइना पीक घूमने आए थे। चारों निजी विश्वविद्यालय के छात्र हैं। इनमें से एक छात्र अनुव के लापता होने की सूचना मिलने के बाद तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रातभर अभियान चलाने के बाद शनिवार सुबह पांच टीमों के माध्यम से दोबारा तलाश शुरू की गई है।

फिलहाल छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। घटना के बाद छात्र के दोस्तों और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है। अब सभी की निगाहें जारी सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में इंसानियत शर्मसार! मानसिक रूप से अस्वस्थ बेसहारा युवती मिली आठ माह की गर्भवती, दुष्कर्म की आशंका से मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.